भोपाल- राजधानी भोपाल के बिलखिरिया इलाके में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया जब एक सड़क का करीब 100 मीटर लंबा हिस्सा अचानक धंस गया। घटना दोपहर 12 से 1 बजे के बीच मंडीदीप से ईंटखेड़ी जाने वाले रास्ते पर पुल के पास हुई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। प्रशासन ने फिलहाल क्षेत्र को घेराबंदी कर मरम्मत कार्य शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क के धंसने के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम गठित की जाएगी।
यह सड़क मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MPRDC) के अंतर्गत आती है और इंदौर, होशंगाबाद, जबलपुर, जयपुर, मंडला और सागर जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ती है। हादसे के बाद तत्काल एक तरफ का रास्ता बंद कर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। घटना होने के बद मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सूखी सेवनिया थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी ने बताया कि सड़क धंसने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को सुरक्षित दिशा में मोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और सड़क की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
dharmpath.com dharmpath