यमन के पूर्व राष्ट्रपति ने राजधानी छोड़ी

सना, 21 फरवरी (आईएएनएस)। यमन के पूर्व राष्ट्रपति अब्द-रब्बू मंसूर हादी ने शनिवार सुबह राजधानी सना स्थित अपना आवास छोड़ दिया। शिया हौती लड़ाकों द्वारा कई सप्ताह तक नजरबंद रखे जाने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया है। शिया हौती लड़ाकों ने जनवरी के अंत में राजधानी पर नियंत्रण करने के बाद राष्ट्रपति को नजरबंद कर दिया था।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, दक्षिणी हिरक आंदोलन के एक अधिकारी ने बताया, “हादी अपने गृह नगर दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन की ओर निकल चुके हैं।”

हादी ने 2012 में सत्ता संभाली थी, लेकिन हौती समूह के साथ गतिरोध के कारण 22 जनवरी को उन्होंने संसद को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

हौती समूह ने छह फरवरी को एकतरफा यमन की संसद भंग करने की घोषणा कर दी और सत्ता संभालने के लिए प्रेसिडेंशियल काउंसिल का गठन किया। हौती समूह के इस कदम को राजनीतिक दलों ने और खाड़ी के अरब मुल्कों ने खारिज कर दिया।

शिया हौती समूह द्वारा जनवरी महीने में सना में राष्ट्रपति भवन पर कब्जा करने के बाद से यमन में सुरक्षा की स्थिति लगातार बिगड़ती चली जा रही है। हौती समूह के इस कदम के बाद राष्ट्रपति के गार्डो के साथ भीषण संघर्ष शुरू हो गया। भीषण संघर्ष शुरू होने के बाद हादी और प्रधानमंत्री खालिद बहाह ने इस्तीफे दे दिए।

अंसारुल्लाह के भी नाम से ज्ञात शिया हौती गुट का गढ़ उत्तरी प्रांत साअदा में है और सप्ताहों तक चले भीषण संघर्षो के उपरांत 21 सितंबर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र समर्थित शांति एवं सत्ता साझेदारी समझौता होने के बाद इस गुट ने दक्षिण की तरफ पांव पसारना शुरू किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493