कोलंबो टेस्ट : चायकाल तक श्रीलंका के 1 विकेट पर 65 रन (लीड-2)

कोलंबो, 21 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट टीम ने पी. सारा ओवल मैदान पर भारत के साथ जारी दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को चायकाल तक अपनी पहली पारी में एक विकेट के नुकसान पर 65 रन बना लिए।

अपने करियर का अंतिम टेस्ट खेल रहे दिग्गज बल्लेबाज कुमार संगकारा 29 और कौशल सिल्वा 30 रनों पर नाबाद हैं।

संगकारा ने 67 गेंदों का सामना कर चार चौके लगाए हैं जबकि सिल्वा ने 56 गेंदों पर छह बार गेंद को सीमा रेखा के बाहर भेजा है।

मेजबान टीम पहली पारी की तुलना में अभी भी 328 रन पीछे है। मेजबान टीम ने 21 ओवरों का सामना किया है। दूसरे दिन अभी भी 41 ओवर शेष हैं।

एक रन के कुल योग पर दिमुथ करुनारत्ने का विकेट गिरने के बाद से दोनों अब तक 64 रनों की साझेदारी कर चुके हैं। एक रन बनाने वाले करुनारत्ने को उमेश यादव ने पारी के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर पगबाधा आउट किया।

इससे पहले, भारत की पहली पारी 393 रनों पर सिमट गई। भारत की ओर से दूसरे दिन रिद्धिमान साहा ने 56, अमित मिश्रा ने 24, रविचंद्रन अश्विन ने दो और इशांत शर्मा ने दो रन बनाए।

उमेश यादव दो रनों पर नाबाद लौटे। भारत ने कुल 114 ओवरों का सामना किया। श्रीलंका की ओर से रंगना हेराथ ने चार विकेट लिए जबकि धम्मिका प्रसाद, एंजेलो मैथ्यूज और दुष्मंथ चमीरा को दो-दो विकेट मिले।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन का खेल खत्म होने तक छह विकेट पर 319 रन बनाए थे। पहले दिन लोकेश राहुल ने 108, कप्तान विराट कोहली ने 78 और रोहित शर्मा ने 79 रनों का योगदान दिया था।

रोहित का विकेट गिरते ही दिन का खेल समाप्त घोषित कर दिया गया। साहा 19 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। दूसरे दिन अश्विन, साहा का साथ देने आए लेकिन 321 के कुल योग पर वह एंजेलो मैथ्यूज की गेंद पर आउट हो गए।

इसके बाद साहा ने अमित मिश्रा (24) के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 46 रनों की बहुमूल्य साझेदारी निभाई। मिश्रा 50 गेंदों पर तीन चौके लगाने के बाद 367 के कुल योग पर आउट हुए।

भोजनकाल तक साहा 56 और इशांत दो रनों पर नाबाद थे। भोजनकाल तक भारत ने 111 ओवरों का सामना किया था।

भोजनकाल के बाद 112वें ओवर की तीसरी गेंद पर साहा को हेराथ ने चलता किया और फिर 114वें ओवर की अंतिम गेंद पर इशांत को पगबाधा आउट किया। भारत ने 3.44 रन प्रति ओवर के दर से बनाए।

तीन मैचों की सीरीज में भारत 0-1 से पीछे है। उसे गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 63 रनों से हार मिली थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493