बिहार चुनाव : पहले चरण का मतदान जारी (लीड-1)

पटना, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 49 विधानसभा क्षेत्रों में 13,212 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया, जो शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। सामान्य विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा, जबकि नक्सल प्रभावित इलाकों में अपराह्न् तीन बजे तक और कुछ क्षेत्रों में शाम चार बजे तक ही मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।

प्रथम चरण में समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा और जमुई जिले के 1़ 35 करोड़ मतदाता ईवीएम पर अपने पसंदीदा उम्मीदवार के नाम के आगे बटन दबा रहे हैं। इस चरण में 583 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

आज हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष शकुनी चौधरी, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कमार पारस, भाजपा की रेणु कुशवाहा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह, जद (यू) के विजय चौधरी और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के रामदेव वर्मा की राजनीतिक किस्मत का फैसला ईवीएम में बंद हो जाएगा।

इस चरण में राजग की घटक भाजपा के 27, लोजपा के 13, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के छह, हम के तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि महागठबंधन में जद (यू) के 24, राजद के 17, और कांग्रेस के आठ प्रत्याशी चुनावी समर में हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आऱ लक्ष्मणन के मुताबिक, सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा हेलीकॉप्टर व ड्रोन से भी मतदान केंद्रों की निगरानी की जा रही है। मतदान के लिए संबंधित जिलों में सोमवार को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर दी गई है।

इस चुनाव में कांग्रेस, राजद और जद (यू) महागठबंधन के तहत चुनाव मैदान में है, वहीं भाजपा नेतृत्व वाले राजग में लोजपा, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) और हम है। छह वामपंथी दल एक अलग मोर्चा बनाकर चुनावी समर में उतरे हैं। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के नेतृत्व वाला एक और गठबंधन जोर आजमाइश में है।

बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए 12 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में मतदान होना है। सभी सीटों के लिए मतगणना आठ नवंबर को होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493