डेनमार्क ओपन : ज्वाला-अश्विनी पहले ही दौर से बाहर

कोपेनहेगेन, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। शीर्ष भारतीय महिला युगल बैडमिंटन जोड़ी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा बुधवार को डेनमार्क ओपन के पहले दौर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

ज्वाला-अश्विनी की जोड़ी को रीका काकिवा और मीयूकी माएदा की सातवीं वरीय जापानी जोड़ी ने सीधे गेमों में 21-19, 21-18 से हराया।

कोरिया ओपन से बाहर रहने के बाद कोर्ट पर वापसी करते हुए ज्वाला-अश्विनी सिर्फ 45 मिनट अपना संघर्ष कायम रख सकीं।

हालांकि शीर्ष भारतीय जोड़ी ने पूरे मैच के दौरान जापानी जोड़ीदारों को कड़ी टक्कर दी और एक-एक अंक के लिए पसीना बहाने पर मजबूर किया। पहले गेम में 9-9 से बराबर रहने के बाद जापानी जोड़ीदारों ने लगातार चार अंक अर्जित कर बढ़त ले ली, लेकिन ज्वाला-अश्विनी 20-19 तक संघर्ष करती रहीं।

दूसरे गेम में मुकाबला और रोचक रहा और कोई भी जोड़ी किसी भी समय स्पष्ट विजेता बनती नजर नहीं आ रही थी। 10-10 से स्कोर बराबर रहने के बाद रीका-मीयूकी थोड़ी बढ़त लेने में सफल रहीं, लेकिन ज्वाला-अश्विनी ने एकबार फिर स्कोर 16-16 से बराबर कर लिया।

दोनों ही गेम के आखिर में भारतीय जोड़ी धैर्य नहीं रख पाईं और उन्हें पहले ही दौर से बाहर होना पड़ा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493