नई दिल्ली: रेलवे रिश्वत कांड के बीच रेलमंत्री पवन बंसल की कुर्सी जानी तय है। सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि कैबिनेट फेरबदल में बंसल को हटाया जाएगा। इसके साथ ही फेरबदल में कानूनमंत्री अश्विनी कुमार का विभाग बदला जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट फेरबदल के दौरान बंसल को हटाया जाएगा। इसके अलावा कानूनमंत्री अश्विनी कुमार का विभाग बदले जाने की खबर है। सूत्रों के मुताबिक, अगले हफ्ते तक विभाग बदले जाने का ऐलान हो सकता है।
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी दोनों मंत्रियों के बनाए रखने के पक्ष में नहीं है। उधर, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी इन मंत्रियों से इस्तीफा लेने से बचना चाहते हैं, इसलिए इसके लिए कैबिनेट में फेरबदल का सहारा लिया जाएगा।
उधर, रेलमंत्री पवन कुमार बंसल गुरुवार की शाम हुई मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल नहीं हुए थे और इसके साथ ही अटकलें तेज हो गई हैं कि वह मंत्रिपद से हट सकते हैं।
बंसल गुरुवार को अशोक रोड स्थित अपने आवास पर ही रहे और कार्यालय नहीं गए। उनके नजदीकी सूत्रों ने हांलाकि कहा कि वह अस्वस्थ हैं।
बंसल के नजदीकी सूत्र ने कहा, ‘वह स्वस्थ नहीं हैं और कैबिनेट बैठक में रेलवे से जुड़ा कोई मसला नहीं है।’
गौरतलब है कि केन्द्रीय जांच ब्यूरो, रेलवे बोर्ड के सदस्य महेश कुमार के सदस्य (इलेक्ट्रिकल) के रूप में नियुक्ति के लिए बंसल के भांजे विजय सिंगला को 90 लाख रुपये की रिश्वत देने के आरोपों की जांच कर रहा है।
बंसल ने हालांकि किसी भी अनियमितता से इनकार किया है और दावा किया कि उनके सिंगला से किसी तरह के कारोबारी संबंध नहीं हैं।