लखनऊ, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में सुबह से ही बदली छाई हुई है। दिन में लखनऊ में हल्की बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह से तापमान में कमी आने का दौर शुरू होगा तथा सुबह और शाम को ठंड का एहसास होगा।
मौसम विभाग के निदेशक, जे.पी गुप्ता के अनुसार, दिन में आंशिक तौर पर बदली का असर दिखाई देगा। धूप-छांव का दौर जारी रहेगा। दिन में हल्की बारिश भी हो सकती है। हालांकि इस सप्ताह के बाद बारिश की संभावना न के बराबर ही है। मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह से सुबह और शाम ठंड का अनुभव होगा। तापमान में गिरावट दर्ज की जायेगी और तापमान में धीरे-धीरे कमी का दौर शुरू होगा।
मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
लखनऊ के अतिरिक्त शुक्रवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 21़1 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर का 20.2 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 23.2 डिग्री सेल्सियस, झांसी का 24 डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद का 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।