भोपाल, 5 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में सोमवार सुबह चली ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट के साथ चंबल, सागर, रीवा संभाग के अलावा ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, कटनी, शहडोल, उमरिया में कोहरा व धुंध छाने की संभावना जताई है।
भोपाल का सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री, इंदौर का 11.5 डिग्री, ग्वालियर का नौ डिग्री और जबलपुर का 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री, इंदौर का 27.4 डिग्री, ग्वालियर का 27.3 डिग्री और जबलपुर का 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।