कुआलालंपुर, 30 जून (आईएएनएस)। मलेशिया के एक प्रमुख विपक्षी नेता ने गुरुवार को भ्रष्टाचार के आरोपों से इनकार किया। उन्होंने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, उत्तरी पेनांग के मुख्यमंत्री और विपक्षी डेमोक्रेटिक एक्शन पार्टी के महासचिव लिम गुआन एंग ने स्वयं पर लगे भ्रष्टाचार के दो आरोपों से इनकार किया।
भ्रष्टाचार रोधी संस्था एक स्थानीय कारोबारी महिला से बाजार से कम दाम पर जमीन खरीदने के मामले पर लिम पर लगे आरोपों की जांच कर रही है।
भ्रष्टाचार रोधी अधिकारियों ने उन्हें बुधवार को गिरफ्तार किया। महिला कारोबारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे और लिम को गुरुवार को जमानत पर रिहा कर दिया गया।