डोंगूआन (चीन), 9 मई (आईएएनएस)। डोंगफेंग निशान स्पोर्ट्स सेंटर में रविवार से शुरू हो रहे विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप सुदीरमन कप में सफलता के लिए भारतीय टीम एकल वर्ग के अपने स्टार खिलाड़ियों पर निर्भर रहेगी।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के 14वें संस्करण के महिला एकल वर्ग में विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त सायना नेहवाल और 11वीं विश्व वरीयता प्राप्त पी. वी. सिंधू से भारतीय प्रशंसकों को बड़ी उम्मीदें होंगी।
वहीं, पुरुष एकल वर्ग में भारतीय उम्मीदों का बोझ मुख्य रूप से विश्व के चौथे वरीय किदांबी श्रीकांत और 13वीं रैंकिग के खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप के कंधो पर होगा।
भारतीय टीम को तीन बार के चैम्पियन दक्षिण कोरिया और मलेशिया के साथ ग्रुप-1डी में रखा गया है।
भारत का 15 सदस्यीय दल सभी पांच वर्गो में चुनौती पेश करेगा। इसमें महिला और पुरुष एकल सहित युगल वर्ग और मिश्रित युगल वर्ग शामिल हैं।
विश्व चैम्पियनशिप (2011) में कांस्य पदक जीतने वाली ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी महिला युगल वर्ग की सबसे बड़ी उम्मीद होगी।
एन. सिक्की रेड्डी और प्रादन्या गडरे भी महिला युगल वर्ग में चुनौती पेश करेंगी। पुरुष युगल वर्ग में बी. सुमित रेड्डी और मनु अत्री से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। मिश्रित युगल वर्ग में अपर्णा बालन और अरुण विष्णु भारतीय चुनौती पेश कर सकते हैं। इस जोड़ी में हालांकि मुख्य राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपिचंद बदलाव भी कर सकते हैं।
भारत अपने पहले मुकाबले में मलेशिया का सामना करेगा। विश्व के पूर्व शीर्ष वरीय खिलाड़ी ली चोंग वेई की वापसी से मलेशियाई टीम को निश्चित ही मजबूती मिली है। ओलंपिक खेलों में दो बार रजत पदक जीत चुके वेई हाल में डोपिंग के कारण चर्चा में आए और उन पर आठ महीनों के प्रतिबंध भी लगाया गया।
वेई की विश्व वरीयता अभी भले ही 45वीं है लेकिन वह अब भी सवश्रेष्ठ बैडमिंटन खेलने की क्षमता रखते हैं।
इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहीं टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है लेकिन ग्रुप-1 की 12 टीमें ही खिताब के लिए दावेदारी पेश करेंगी।
ग्रुप-1 की शीर्ष 12 टीमों को चार उप-समूहों में बांटा गया है। हर उप-समूह में तीन टीमें हैं। प्रत्येक उप-समूह से शीर्ष दो-दो टीमें क्वार्टर फाइनल और फिर नॉकआउट में प्रवेश करेंगी।
मौजूदा चैम्पियन चीन को ग्रुप-1ए में अपेक्षाकृत कमजोर टीमों जर्मनी और थाईलैंड के साथ रखा गया है।
थॉमस कप की विजेता और उबेर कप में उप-विजेता रही जापान को ग्रुप-1बी में चीनी ताइपे और अमेरिका के साथ रखा गया है। ग्रुप-1सी को सबसे कठिन ग्रुप माना जा रहा है जहां डेनमार्क, इंडोनेशिया और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं।
सुदीरमन कप में अब तक चीन का दबदबा रहा है और उसने 13 संस्करणों में से नौ बार खिताब अपने नाम किया है। इंडोनेशया एक बार जबकि दक्षिण कोरिया तीन बार चैम्पियन रह चुकी है।
सुदीरमन कप के लिए भारतीय दल : मनु अत्री, अपर्णा बालन, बी. सुमित रेड्डी, प्रणव जेरी चोपड़ा, अक्षय देवालकर, प्रादन्या गाडरे, ज्वाला गुट्टा, किदांबी श्रीकांत, एच. एस. प्रनॉय, सायना नेहवाल, एन. सिक्की रेड्डी, पारुपल्ली कश्यप, अश्विनी पोनप्पा, पी. वी. सिंधू, अरुण विष्णु।