लखनऊ, 1 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ एवं आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह तेज धूप और उमस रही। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी होने के आसार जताए हैं।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के मुताबिक, दिन में तेज धूप रहेगी और आद्र्रता में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। आद्र्रता का स्तर बढ़ने से उमस में उछाल आने की संभावना है। कुछ जिलों में आंशिक बदली छा सकती है या बूंदाबांदी हो सकती है।
राजधानी लखनऊ में बुधवार को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा बनारस में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री, कानपुर में 22.3 डिग्री, गोरखपुर में 22.2 डिग्री, झांसी में 27 डिग्री, इलाहाबाद में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।