नई दिल्ली, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक में हुए दुरंतो एक्सप्रेस रेल हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
प्रभु ने ट्वीट किया, “दुरंतो हादसे से दुखी हूं। जांच के आदेश दे दिए गए हैं। तत्काल चिकित्सा राहत और अन्य सहायता पहुंचा दी गई है। रेलवे बोर्ड के प्रमुख को घटनास्थल पर जाने के लिए कहा गया है।”
उन्होंने आगे लिखा, “सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। हम मृतकों के परिजनों और घायलों सहायता राशि देंगे।”
दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 2.15 बजे हुई, जब 2220 सिकंदराबाद-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस मध्य रेलवे के सोलापुर प्रभाग में गुलबर्गा वन के मारटुर रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए।