उड़ी (जम्मू एवं कश्मीर), 20 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी में भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की। यह गोलीबारी उड़ी में सेना के शिविर पर भीषण आतंकवादी हमले के दो दिनों बाद की गई। रविवार के इस आतंकी हमले में 18 जवान शहीद हो गए थे।
सूत्र के मुताबिक, “पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से छोटे और स्वचालित हथियारों से भारी गोलीबारी की। भारतीय चौकियों को कोई क्षति नहीं पहुंची है। भारतीय सेना ने जवाबी गोलीबारी की।”
गोलीबारी अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर भारत और पाकिस्तान के बीच 2003 के संघर्ष विराम करार का उल्लंघन है।