मुंगेर, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से पुलिस ने सोमवार को चार स्वचालित पिस्तौल के साथ एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले का निवासी है।
मुंगेर के पुलिस अधीक्षक वरुण कुमार सिन्हा ने सोमवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बनौधा पुल के पास से हथियार तस्कर धीरेंद्र कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। इसके पास से चार स्वचालित पिस्तौल और कुछ गोलियां बरामद की गई हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्कर मुंगेर से अवैध हथियार खरीदकर ऊंचे दामों पर उत्तर प्रदेश के अपराधियों को आपूर्ति करता था। पुलिस गिरफ्तार हथियार तस्कर से पूछताछ कर रही है। सिन्हा के मुताबिक, मुफस्सिल थाना में इस मामले की शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
उल्लेखनीय है कि अवैध हथियार निर्माण के मामले में मुंगेर चर्चित रहा है।