मप्र:अनूपपुर में मजिस्ट्रेट के सरकारी बंगले पर पथराव

अनूपपुर-मध्य रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा इलाके में न्यायिक मजिस्ट्रेट के सरकारी आवास पर शुक्रवार देर रात पथराव और धमकी की गंभीर वारदात हुई। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं व्यवहार न्यायाधीश अमनदीप सिंह छावड़ा ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ कोतमा स्थित शासकीय आवास में सो रहे थे। तभी कुछ अज्ञात लोग घर के बाहर पहुंचे और गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।

आरोपी चिल्लाते हुए कह रहे थे,“कैसे मजिस्ट्रेटी करते हो, देख लेंगे, जान से मार देंगे।” इसके बाद उन्होंने आवास के गेट लैम्प और दीवार में लगे लोहे के एंगल को तोड़ दिया और आंगन में पथराव किया। जब न्यायाधीश बाहर आए तो हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। अमनदीप सिंह ने शनिवार को इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। शिकायत के बाद भालूमाड़ा पुलिस ने तत्काल मौके का मुआयना किया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

भालूमाड़ा थाना प्रभारी संजय खलको ने बताया, “जज ने अपने घर पर पथराव की सूचना दी थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।” वहीं, अनूपपुर एसपी मोतिउर रहमान ने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे की वजह क्या थी। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493