भोपाल, 6 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित कई अन्य स्थानों पर बीते 24 घंटों के दौरान हुई बूंदाबादी से रविवार सुबह मौसम सुहावना हो गया है।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
राज्य के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। भोपाल का रविवार को न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री, इंदौर का 17.2 डिग्री, ग्वालियर का 17.4 डिग्री और जबलपुर का 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री, इंदौर का 35.3 डिग्री, ग्वालियर का 32.1 डिग्री और जबलपुर का 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।