कुआलालम्पुर, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला बैडमिंटन स्टार भारत की सायना नेहवाल शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को 5 लाख डॉलर इनामी मलेशिया ओपन सुपर सीरीज प्रीमियर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं, लेकिन पुरुष एकल वर्ग में एच. एस. प्रनॉय, किदांबी श्रीकांत और पारूपल्ली कश्यप की दूसरे दौर में हार के साथ ही इस वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।
सायना वास्तव में अब टूर्नामेंट में अकेली भारतीय उम्मीद रह गई हैं, क्योंकि गुरुवार को ही महिला युगल वर्ग में शीर्ष भारतीय जोड़ी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा को भी दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा।
ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता सायना ने पुत्रा स्टेडियम में हुए दूसरे दौर के मुकाबले में चीनी क्वालीफायर जुई याओ को हराया। सायना ने याओ को 21-13, 21-9 से पराजित किया।
सायना ने याओ को हराने में मात्र 30 मिनट लिए। सायना पहले गेम से ही शानदार नजर आ रही थीं। लगातार चार अंक लेने के साथ सायना ने शुरु में ही 6-1 की बड़ी बढ़त ले ली। याओ संघर्ष करते हुए स्कोर 11-12 तक लाने में सफल रहीं, लेकिन सायना ने इसके बाद आक्रामकता बढ़ाते हुए आखिरी नौ अंक हासिल करने में सिर्फ दो अंक गंवाए।
दूसरे दौर में सायना पूरे शबाब पर थीं और आखिरी छह अंक लगातार अर्जित करते हुए उन्होंने याओ का सफर खत्म किया। याओ से सायना की यह दूसरी भिड़ंत थी, जिसमें उन्होंने दूसरी जीत हासिल की। पिछली बार इसी टूर्नामेंट में सायना ने याओ को हराया था।
क्वार्टर फाइनल में टूर्नामेंट की तीसरी वरीय खिलाड़ी सायना का सामना विश्व की 15वीं वरीयता प्राप्त चीनी खिलाड़ी सुन यू से होगा।
भारत के लिए दिन का आखिरी मुकाबला बीते रविवार को इंडिया ओपन खिताब जीतने वाले विश्व के चौथे वरीयता प्राप्त श्रीकांत का रहा। श्रीकांत को तियान होवेई ने 21-14, 21-18 से हराया। यह मैच 49 मिनट चला।
श्रीकांत ने हालांकि होवेई को बेहद कड़ी चुनौती दी और एक-एक अंक के लिए संघर्ष करवाया। पहले गेम में श्रीकांत एक बार 6-5 से बढ़त लेने में सफल हो गए थे, लेकिन होवेई ने फिर से मैच पर अपनी पकड़ बना ली। आखिरी पलों में श्रीकांत थोड़ लूज नजर आए और होवेई लगातार पांच अंक हासिल कर 19-12 की बड़ी बढ़त लेने में सफल रहे और अंतत: गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में हालांकि श्रीकांत ने होवेई को एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष करवाया। शुरू में 7-3 से बढ़त लेने के बावजूद श्रीकांत इस बढ़त को कायम नहीं रख पाए, लेकिन आखिरी अंक तक गेम को रोचक बनाए रखा। श्रीकांत की होवेई के साथ यह पहली भिड़ंत थी।
दूसरी ओर, प्रनॉय को पांच बार के विश्व चैम्पियन एवं दो बार ओलम्पिक विजेता रहे चीन के लिन डैन के हाथों 15-21, 14-21 से हार मिली। प्रनॉय ने हालांकि 14वें विश्व वरीय डैन को 52 मिनट तक संघर्ष करने के लिए मजबूर किया।
विश्व के 17वें वरीय और राष्ट्रमंडल खेल चैम्पियन कश्यप को विश्व चैम्पियन एवं सर्वोच्च विश्व वरीय चीन के चेन लोंग के हाथों हार मिली। कश्यप 35 मिनट में 15-21, 14-21 से हारे।
इसी तरह महिला युगल में गुट्टा और पोनप्पा को इंडोनेशिया की नित्या माहेश्वरी और ग्रेसिया पोली की जोड़ी के हाथों 21-23 21-8 21-17 से हार मिली। यह मैच 58 मिनट चला।