भोपाल, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार से शुरू होने वाले विश्व हिंदी सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में है। तैयारियों का बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा है कि यह सम्मेलन हिन्दी भाषा के लोकव्यापीकरण में मील का पत्थर साबित होगा।
लाल परेड मैदान पहुंचे मुख्यमंत्री चौहान ने तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि दसवें विश्व हिन्दी सम्मेलन का उद्देश्य व्यापक है। इसमें हिन्दी के प्रयोग के विभिन्न आयाम पर विमर्श होगा। यह सम्मेलन हिन्दी के प्रति सारे भ्रम दूर करने में सफल होगा।
उन्होंने आगे कहा कि बड़े गर्व की बात है कि देश के हृदय स्थल मध्यप्रदेश को दसवें विश्व हिन्दी सम्मेलन के आतिथ्य का सौभाग्य मिला है। यह सम्मेलन 10 से 12 सितम्बर तक भोपाल के लाल परेड मैदान में होगा। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और राज्य सरकार के सहयोग से सम्मेलन हो रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत भूमि पर होने वाला यह तीसरा सम्मेलन है, जो 32 वर्षो के बाद हो रहा है। इसमें देश-विदेश के हिन्दी के विद्वान और प्रेमी शामिल होंगे। वे हिन्दी के प्रसार के 16 आयाम पर व्यापक विचार-विमर्श कर हिन्दी के लोकव्यापीकरण के प्रयासों का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिन्दी न केवल भारत की राजभाषा है बल्कि भारत के माथे की बिन्दी है। हिन्दी राष्ट्रीय अस्मिता और देश के स्वाभिमान का प्रतीक है।