कोलंबो, 9 मार्च (आईएएनएस)। श्रीलंका की एक अदालत ने एक मामले की जांच के कारण सोमवार को पूर्व रक्षा सचिव को देश से बाहर जाने पर अस्थाई तौर पर प्रतिबंध लगा दिया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के नेतृत्व वाली सरकार में रक्षा सचिव रहे गोटाबाया राजपक्षे पर दो सुरक्षा कंपनियों के साथ कथित संबंध होने का आरोप है। फिलहाल इस मामले की जांच चल रही है। गोटाबाया, महिंदा के भाई हैं।
सुरक्षा कंपनी एवंत-गार्डे और रक्ना लंका लिमिटेड द्वारा अनुरक्षित शस्त्रागारों से कथित संबंध होने के आरोपों के संबंध में पुलिस ने पिछले महीने कोलंबो स्थित गोटाबाया के निवास पर उनसे पूछताछ की थी।
न्यायालय ने एवंत-गार्डे मामले की जांच के संबंध में पूर्व नौसेना कमांडर सोमातिलके दिशानायके और दो अन्य लोगों की विदेश यात्राओं पर भी प्रतिबंध लगाया है।
एवंत-गार्डे और रक्ना लंका निजी सुरक्षा कंपनियां हैं, जो जहाजों को सोमाली समुद्री डाकुओं से सुरक्षा उपलब्ध कराती हैं।
दोनों कंपनियां, यह सुविधा उपलब्ध कराने वाली विदेशी कंपनियों की जगह लेने के लिए वर्ष 2012 में स्थापित की गई थीं।
इनके हथियार श्रीलंकाई नौसेना के शस्त्रागारों में भी रखे गए थे।
जनवरी में पुलिस ने देश के दक्षिणी भाग में एक जहाज पर 12 कंटेनरों से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए थे। जांच के अनुसार, ये हथियार एवंत-गार्डे सुरक्षा कंपनी से संबंधित थे।
पुलिस ने बताया कि ‘महानुवारा नौकावा’ जहाज से 12 कंटेनरों से 3,000 हथियार बरामद हुए थे।
पुलिस ने कोलंबो में रक्ना लंका शस्त्रागार भी ढूढ़ निकाला था, जहां अवैध रूप से हथियारों का भंडारण किया गया था।