नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। संकटग्रस्त यमन की राजधानी सना से भारतीय नागरिकों को विमान के जरिए निकालने का काम शुक्रवार को शुरू हो गया। एयर इंडिया के दो विमान 351 भारतीयों को लेकर यमन के पड़ोसी देश जिबूती के लिए रवाना हुए। वहीं भारतीय नौसेना का पोत 306 लोगों के साथ जिबूती पहुंचा, जहां से वे स्वदेश लौटेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने ट्वीट किया, “यमन से विमान के जरिए पहली बार भारतीयों को सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया। एयर इंडिया के दो विमानों ने 351 भारतीयों को सना से जिबूती पहुंचाया।”
उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर यमन के अल होदीदाह बंदरगाह से जिबूती पहुंचने वाले 306 भारतीयों की एक तस्वीर पोस्ट की। जिबूती से ये लोग भारत के लिए रवाना होंगे।
इससे पहले, अकबरुद्दीन ने ट्वीट के जरिए कहा था कि संकटग्रस्त यमन से अपने नागरिकों को निकालने के लिए सरकार हर मोर्चे पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा, “हर मोर्चे पर काम चल रहा है। यमन से अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं।”
इससे अलग, 35 भारतीय सीमा पार कर यमन से सऊदी अरब के गिजान शहर पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय के अधिकारी स्वदेश लौटने में उनकी सहायता कर रहे हैं।
गुरुवार को 35 भारतीयों का एक अन्य जत्था एक परिवहन पोत से जिबूती पहुंचा।
भारत सरकार यमन से अब तक 700 से अधिक भारतीयों को निकालने में सफल रही है, जबकि 350 नागरिक स्वदेश पहुंच चुके हैं।
प्रवक्ता ने कहा, “लगभग 2,000-2,500 भारतीय नागरिक स्वदेश लौटने के इच्छुक हैं और हमें आशा है कि हम उन्हें निकालने के प्रयासों में तेजी लाएंगे।”
उल्लेखनीय है कि गुरुवार रात 306 भारतीयों को सुरक्षित यमन के बंदरगाह अल होदीदाह से नौसेना के जहाज आईएनएस सुमित्रा से जिबूती पहुंचाया गया।
अल होदीदाह बंदरगाह से निकलने वाले कुल 306 भारतीयों में 251 पुरुष, 38 महिलाएं व 17 बच्चे शामिल हैं।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीतांशु कर ने ट्वीट किया कि भारतीय वायुसेना का एक और ग्लोबमास्टर सी-17 परिवहन विमान भारत के जामनगर से जिबूती पहुंच रहा है।
यमन से 358 भारतीयों को लेकर दो विमान गुरुवार तड़के भारत पहुंचे, जिनमें से एक कोच्चि जबकि दूसरा मुंबई में उतरा।