सुदर्शन ने मॉस्को सैंड आर्ट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता

भुवनेश्वर, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके ओडिशा के रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने रूस में 10वें मॉस्को सैंड आर्ट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है।

सुदर्शन को यह पुरस्कार ‘गो ग्रीन’ संदेश के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा बनाने के लिए मिला है।

रूस के कोलोमेंस्कोये में ‘वर्ल्ड अराउंड अस’ विषय पर चैंपियनशिप का आयोजन 22 से 28 अप्रैल के बीच हुआ था, जिसमें विभिन्न देशों के 25 जानेमाने रेत कलाकारों ने हिस्सा लिया था।

पटनायक ने कहा, “चैंपियनशिप के इस साल का नारा ‘गो ग्रीन’ था, इसलिए मैंने अपनी प्रतिमा के लिए इस विषय को चुना। ग्लोबल वॉर्मिग के कारण हम पृथ्वी पर पारिस्थितिक आपदा का सामना करने के बिल्कुल निकट हैं।”

उन्होंने बाद में रूस में भारत के राजदूत पंकज सरन से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें बधाई दी।

पटनायक को मुकाम हासिल करने के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, “मॉस्को में वल्डर्र् सैंड स्कल्पचर चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने पर बधाई। आपने सचमुच में ओडिशा को गौरवान्वित किया है।”

साल 2016 में पटनायक ने मॉस्को में विश्व शांति पर महात्मा गांधी की प्रतिमा बनाने के लिए स्वर्ण पदक जीता था।

पटनायक पुरी समुद्र तट पर दुनिया की सबसे ऊंची बालू की प्रतिमा बना चुके हैं, जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493