मप्र : हड़ताल का व्यापक असर, परिवहन सेवा प्रभावित (लीड-1)

भोपाल, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। देशव्यापी ट्रेड यूनियन की हड़ताल का मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर व्यापक असर रहा है। नगर परिवहन सेवा और अंतर नगरीय बस सेवा बुरी तरह प्रभावित रही। वहीं बीमा, बैंक व दूरसंचार निगम के कामकाज पर असर रहा।

केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ और 12 सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को ट्रेड यूनियनों ने देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया। इस हड़ताल को सफल बनाने के लिए विभिन्न मजदूर संगठनों के प्रतिनिधि सुबह से ही सड़कों पर उतर आए थे।

राजधानी भोपाल में बुधवार की सुबह से ही हड़ताल का असर दिखाई देने लगा था। आईएसबीटी बस स्टैंड से लेकर, हबीबगंज, नौदरा बस स्टैंड से बसें नहीं चल पाई। इसके चलते भोपाल के आसपास के क्षेत्रों की फैक्टरी में काम के लिए जाने वाले मजदूर भी नहीं जा पाए।

विभिन्न मजदूर संगठनों से जुड़े बैंक, बीमा, दूरसंचार के कर्मचारियों ने राजधानी में रैलियां निकाली और सभाएं कर केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों को कोसा। इस हड़ताल में महिला कर्मचारियों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश सचिव बादल सरोज ने बताया कि इस हड़ताल का पूरे प्रदेश में व्यापक असर रहा है।

इस हड़ताल का ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन आदि स्थानों पर भी व्यापक असर रहा। हडताल के चलते आम जन-जीवन भी प्रभावित रहा। हड़ताल में किसी तरह की गड़बड़ी व हिंसा न हो इसके लिए जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493