हैदराबाद, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। तेलंगाना व आंध्र प्रदेश में तेलुगू नववर्ष उगादि शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जा रहा है।
तेलुगू भाषी दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपने राज्यों में आधिकारिक रूप से मनाए जा रहे समारोहों में हिस्सा लिया, जहां पंडितों ने पंचांगनाम का पाठ किया।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेकर राव ने हैदराबाद में आधिकारिक समारोह में हिस्सा लिया। वहीं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने विजयवाड़ा में समारोह का दीप जलाकर शुभारंभ किया।
दोनों नेताओं ने उम्मीद जताई कि नया साल दुनिया भर में रहने वाले तेलुगूभाषी लोगों के जीवन में सुख व समृद्धि लाएगा। इस दौरान उन्होंने कलाकारों, लेखकों व अन्य गणमान्य लोगों को पुरस्कार भी दिए।
दोनों राज्यों के लोगों ने नए साल में समृद्धि के लिए अपने घरों के मुख्य द्वारों को आम के पत्तों से सजाया, पारंपरिक पकवानों का आनंद लिया और पंचांगनाम सुना।
श्रद्धालु मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान से अपने परिवार की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। वहीं, तिरूमाला, श्रीसैलम, विजयवाड़ा व भद्रचालम मंदिरों में लोगों ने विशेष प्रार्थना की।
मुख्य समारोह हैदराबाद के रवींद्र भारती सभागार में हुआ, जहां अगमा पंडित ने आने वाले साल के लिए धार्मिक पंचांग का पाठ किया।
इस समारोह में केंद्रीय मंत्री बंडारू दत्तात्रेय, राज्य मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष, विधान परिषद अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिकारियों ने भी शिरकत की।
चंद्रशेखर राव ने कहा कि सरकार सूखे की समस्या के स्थायी निदान के लिए उपाय ढूंढ रही है।
दोनों राज्यों के राज्यपाल ई.एस.एल.नरसिम्हन ने राजभवन में गुरुवार रात उगादि समारोह का आयोजन किया।
इस समारोह में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उनके कैबिनेट मंत्रियों, विभिन्न पार्टियों के नेताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों ने हिस्सा लिया।