रायगढ़ (महाराष्ट्र), 23 सितम्बर (आईएएनएस)। उरान गांव में गुरुवार को दिखे पांच या छह नकाबपोश संदिग्धों को पकड़ने के लिए सुरक्षा एजेंसियों की सघन तलाश शुक्रवार को भी जारी है। इन संदिग्धों को कुछ छात्रों ने उरान गांव में गुरुवार सवेरे देखा था। महाराष्ट्र पुलिस ने इनमें से दो संदिग्धों के स्केच जारी किए हैं।
सभी महत्वपूर्ण अधिष्ठानों और मुंबई, रायगढ़ और नवी मुंबई में संवेदनशील जगहों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने सड़कों पर अवरोधक लगा दिए हैं। मछुआरे अरब सागर में निगाह रखे हुए हैं। विभिन्न भागों में सघन जमीनी और हवाई तलाशी अभियान जारी है।
दो से चार स्कूली बच्चों ने गुरुवार की सुबह करीब सात बजे पठानी सूटों में हथियारबंद कुछ नकाबपोश लोगों (एक से पांच तक की संख्या में) को देखा था।
छात्रों ने अपने शिक्षक को सूचित किया, जिन्होंने पुलिस को सूचना दी और आधे घंटे के अंदर पूरा सुरक्षा तंत्र हरकत में आ गया।
उरान में दूसरे दिन भी स्कूल, कॉलेज, दुकान और प्रतिष्ठान बंद हैं। सुरक्षा अधिकारी संदिग्धों का पता लगाने के लिए तलाश जारी रखे हुए हैं।
अमेरिकी दौरे से गुरुवार की रात लौटे राज्य के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने लोगों से परेशान नहीं होने की अपील की और कहा कि उरान में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उरान मुंबई से करीब 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त हेमंत नागराले ने कहा कि इन संदिग्धों का पता लगाने के लिए पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने अभियान शुरू किए हैं।
नागराले ने कहा, “अभी तक दो चश्मदीद छात्रों की बातों की पुष्टि नही हो सकी है, प्रयास जारी हैं।”
इस बीच गायब संदिग्धों का पता लगाने के लिए दक्षिण मुंबई के कुछ स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों की तैनाती देखी गई और कुछ खास वाहनों की रात भर जांच की जाती रही।
राज भवन, छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, बार्क, डीएई, मंत्रालय और आसपास के वीवीआई क्षेत्रों, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, प्रमुख समुद्र तटों जैसे गिरगांव चौपाटी और जुहू, मुंबई के पूर्वी तट पर स्थित कई उर्वरक कंपनियों के अधिष्ठान, नौसैनिक बंदरगाह, जेएनपीटी और एमबीपीटी आदि की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
तलाशी अभियान के बारे में सुरक्षा कर्मियों ने कहा कि 26 नवम्बर, 2008 को हुए मुंबई हमले के बाद पहली बार इतनी अधिक सतर्कता बरती जा रही है।
इस बीच अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) के.पी. बख्शी आज (शुक्रवार) मुख्यमंत्री फडणवीस को उरान की स्थिति के बारे में विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे।