जम्मू, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार सुबह एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से सटे भारतीय क्षेत्र में गोलीबारी की।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “पाकिस्तानी सेना की ओर से शुक्रवार सुबह भारतीय सेना और नागरिकों पर अंधाधुंध मोर्टार दागे गए, जिसके बाद पुंछ जिले के माल्टा इलाके में भारी गोलीबारी शुरू हो गई।”
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से अकारण की गई गोलीबारी का भारतीय सेना ने समान क्षमता के हथियारों से जवाब दिया।
पाकिस्तान नवंबर 2003 में भारत के साथ हुए संघर्ष विराम समझौते का लगातार उल्लंघन करता आ रहा है।
पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम का उल्लंघन 28 सितंबर की रात भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के लांच पैड्स को निशाना बनाकर किए गए सर्जिकल स्ट्राइक्स के बाद लगातार हो रहे हैं।