Monday , 6 May 2024

ब्रेकिंग न्यूज़
Home » साक्षात्कार » रियाद स्थायित्व की धुरी : सऊदी राजदूत

रियाद स्थायित्व की धुरी : सऊदी राजदूत

April 8, 2015 5:10 pm by: Category: साक्षात्कार Comments Off on रियाद स्थायित्व की धुरी : सऊदी राजदूत A+ / A-

640x392_99583_185769नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)| यमन में जारी संघर्ष और 500 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर के बीच यहां भारत में सऊदी अरब के राजदूत सऊद बिन मुहम्मद अल-साती ने कहा है कि गठबंधन सेना रिहायशी क्षेत्रों को निशाना नहीं बना रही है और सऊदी अरब इस क्षेत्र में स्थायित्व की धुरी की भूमिका निभा रहा है।

आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) को छिपे तौर पर सऊदी अरब से सहयोग की खबरों का खंडन करते हुए राजदूत ने कहा कि रियाद ने आईएस को आतंकवादी संगठन घोषित किया है और उससे तथा उससे संबंधित किसी भी संगठनों से संबंधों को अपराध घोषित किया है। रियाद सऊदी अरब की राजधानी है।

अल-साती ने आईएएनएस से विशेष बातचीत में कहा, “ग्रैंड मुफ्ती ने साफ कहा है कि आईएस इस्लाम का सबसे बड़ा शत्रु है।”

यहां प्रस्तुत है अल-साती से इस मुद्दे पर हुई विस्तृत बातचीत के प्रमुख अंश :

प्रश्न : अभियान किस तरह से आगे बढ़ रहा है?

उत्तर : यमन के वैधानिक राष्ट्रपति के अनुरोध पर 10 देशों का गठबंधन अभियान चला रहा है। चुने हुए ठिकानों पर हवाई हमले करने में सफलता मिल रही है।

प्रश्न : संघर्ष में बच्चे सहित कई नागरिक मारे गए हैं। इस पर सऊदी अरब की क्या टिप्पणी है?

उत्तर : अभियान के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि गठबंधन सेना यथासंभव हमले को चुनिंदा सैन्य ठिकानों तक सीमित रखने की कोशिश कर रही है। दुर्भाग्य से हौती आतंकी यमन के विभिन्न हिस्सों में नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। हौती ही सरकारी भवनों और यमन के लोगों के घरों को भी तबाह कर रहे हैं।

प्रश्न : पाकिस्तान के गठबंधन में शामिल होने की खबर है, लेकिन इस बारे में पाकिस्तान में दो तरह के विचार हैं। क्या आपको लगता है कि पाकिस्तान गठबंधन में शामिल होगा?

उत्तर : पाकिस्तान की आंतरिक चर्चा के बारे में मैं कुछ नहीं कहना चाहता। मैं सिर्फ यह कहना चाहता हूं कि पाकिस्तान ने यमन में स्थिरता लाने और वहां वैध सरकार की बहाली और आम यमनी जनता की रक्षा करने में सऊदी अरब की भूमिका का समर्थन किया है।

प्रश्न : हौती ने कहा है कि वे बातचीत के लिए तैयार हैं। गठबंधन की क्या प्रतिक्रिया है?

उत्तर : वार्ता और सुलह की मांग की जा रही है। लेकिन हौती आतंकियों ने ही वार्ता खारिज की थी। हम वार्ता का समर्थन करते हैं। लेकिन उसके लिए उन्हें अपने कदम रोकने होंगे, ताकत से हथियाए गए शहरों से पीछे हटने होंगे, सरकारी भवनों को खाली करने होंगे, वैध सरकार को उनके हथियार वापस करने होंगे और राष्ट्रपति हादी के नेतृत्व में वार्ता में हिस्सा लेना होगा।

प्रश्न : ऐसी खबरें हैं कि सऊदी अरब खुद को क्षेत्रीय ताकत के रूप में स्थापित करना चाहता है।

उत्तर : ऐसा कहने वाले लोग तथ्यों का घालमेल कर रहे हैं। यमन में ये हालात सऊदी अरब ने पैदा नहीं किए हैं। हौती आतंकियों ने यमन के सरकारी भवनों पर कब्जा किया है, यमन के राष्ट्रपति को नजरबंद किया, सेना के हथियारों पर कब्जा किया और सार्वजनिक तौर पर सऊदी अरब के विरुद्ध हमले करने की घोषणा की है।

सऊदी अरब क्षेत्र में स्थिरता की धुरी है। इसका शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने और दूसरे देशों की संप्रभुता का सम्मान करने का इतिहास रहा है।

प्रश्न : यमन के दूसरा वियतनाम बनने के कयासों के बारे में आपकी क्या राय है?

उत्तर : मैं कयासों पर टिप्पणी नहीं करना चाहता। मैं कहना चाहता हूं कि यह 10 देशों का गठबंधन है। इसका स्पष्ट लक्ष्य है। वह है यमनी लोगों की रक्षा और वैध सरकार की फिर से बहाली।

प्रश्न : आईएस को सऊदी के गुप्त समर्थन की खबरों में कितनी सच्चाई है?

उत्तर : खबरें बेबुनियाद हैं। मई 2014 में सऊदी अरब ने आईएस को आतंकवादी संगठन और इससे तथा इससे संबंधित संगठनों से संबंधों को अपराध घोषित कर दिया है। ग्रैंड मुफ्ती ने आईएस को इस्लाम का सबसे बड़ा शत्रु घोषित किया है। वास्तविकता यह है कि आईएस ने सऊदी अरब पर और हमारी सीमा पर हमला किया है और वह हमें दुश्मन मानता है।

हम अमेरिका के नेतृत्व में आईएस पर हवाई हमले करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन का हिस्सा हैं।

प्रश्न : सऊदी सुल्तान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर यमन से भारतीयों को निकालने में मदद करने की पेशकश की थी। यह मदद किस प्रकार की गई?

उत्तर : यमन से भारतीयों को बाहर निकालने में हमने भारत सरकार को हर तरह की मदद की। हमारा सामंजस्य घनिष्ठ और मजबूत है और अभियान जारी है और इसे सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है।

रियाद स्थायित्व की धुरी : सऊदी राजदूत Reviewed by on . नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)| यमन में जारी संघर्ष और 500 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर के बीच यहां भारत में सऊदी अरब के राजदूत सऊद बिन मुहम्मद अल-साती ने क नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)| यमन में जारी संघर्ष और 500 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर के बीच यहां भारत में सऊदी अरब के राजदूत सऊद बिन मुहम्मद अल-साती ने क Rating: 0
scroll to top