Saturday , 18 May 2024

ब्रेकिंग न्यूज़
Home » राजनीति » हमें संविधान-संस्कृति का रक्षक बनकर देश के भविष्य की रक्षा करना है: कमलनाथ

हमें संविधान-संस्कृति का रक्षक बनकर देश के भविष्य की रक्षा करना है: कमलनाथ

January 10, 2023 6:46 pm by: Category: राजनीति Comments Off on हमें संविधान-संस्कृति का रक्षक बनकर देश के भविष्य की रक्षा करना है: कमलनाथ A+ / A-

भोपाल, 10 जनवरी 2023

आजादी के बाद स्वतंत्र भारत में डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने देश का संविधान बनाने की जिम्मेदारी उठाई, बाबा साहब अंबेडकर के सामने बहुत बड़ी चुनौती थी, कि इतनी भाषाएं, इतनी जातियां इतने धर्म, इतने वर्ग इस देश में हैं, सबको कैसे संविधान में समाहित करें, वहीं अजा-अजजा वर्ग को समान अधिकार कैसे मिल सकें। लेकिन उन्होंने बड़ी ही सूझबूझ से देश का संविधान बनाया और सभी को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। बाबा साहेब का संविधान भारत का नहीं, बल्कि पूरे विश्व का संविधान है और कई देशों ने हमारे देश के संविधान की नकल की। जब हम संविधान बात करते हैं तो बाबा साहब ने तो एक अच्छा संविधान तो बना दिया, परंतु यह संविधान अगर गलत हाथों में चला गया तब देश का भविष्य क्या होग? हम संविधान की रक्षा कैसे रक्षा करेंगे? हमें संविधान ही नहीं, बल्कि संस्कृति का भी रक्षक बनना है, क्योंकि जो हमारे देश का संविधान है, वहीं देश की संस्कृति है। आप आने वाली पीढ़ी को कैसा भारत सौंपना चाहते हैं, यह बड़ी चुनौती सबसे सामने है। अनुसूचित जाति और आदिवासी वर्ग का प्रभाव 150 सीटों पर होता है, जिससे सरकार बनती है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभाकक्ष में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री कमलनाथ आज मप्र कांग्रेस अनुसूचित जाति वर्ग के विशाल सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
श्री नाथ ने कहा कि हमें यह तय करना है कि देश मोदी के रास्ते पर चले या देश की संस्कृति के रास्ते पर। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति बहुत स्थानीय हो गई है, रबर स्टांप की राजनीति से परहेज करना होगा। अजा-अजजा वर्ग की छोटी-छोटी जातियों का योगदान कांग्रेस सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा, हमें उनको एकजुट कर घरों और मोहल्लों तक पहुंचकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों को बताना होगा। कैसे संविधान की हत्या कर अजा-अजजा वर्ग के अधिकारों को समाप्त किया जा रहा है, यह बड़ा प्रश्न हम सबके सामने है। इससे हमें कैसे निपटना है, आपको समझना होगा?
श्री नाथ ने कहा कि हमें सच्चाई जानने की बहुत जरुरत है। मोदी जी ने 2014 रोजगार की बात की थी, 2019 में किसानों की बात की और क्या हुआ, किसको रोजगार मिला, किस किसान का फायदा हुआ? अब वे राष्ट्रवाद, धर्म, भाषा और जाति के आधार पर सबको आपस में लड़ाना चाहते है। और जनता में भ्रम फैलाकर देश को लूटने का काम कर रहे हैं। वहीं प्रदेश में शिवराज सिंह ने लोकतंत्र की हत्या कर पीछे के दरवाजे से सरकार बना ली। आज यह ध्यान मोड़ने में माहिर हो गए हैं, आज मैं मोदी जी से एक बात पूछना चाहता हूं कि वह एक नाम बता दें जो आपके पार्टी से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी में जुड़ा हो वह सबका ध्यान मोड़ने में माहिर हो गए है। हमें संविधान और संस्कृति का रक्षक बनकर देश के भविष्य की रक्षा करना होगी।
अभा कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश लिलोटिया ने कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी हमेशा कहते थे जो समाज अपने आप में जानकारी नहीं रखता, वह इतिहास मैं कभी तरक्की नहीं कर सकता। अनुसूचित जाति के अंदर बहुत सारी उप जातियां है, जिनसे हमें बहुत उम्मीद होती है, उनको साथ लेकर चलना हमारी पहली प्राथमिकता है। भारतीय जनता पार्टी ने संविधान को तोड़-मरोड़, भ्रष्टाचार और खरीद-फरोख्त करके सरकार गिरा दी, आज संविधान की रक्षा करने की आवश्यकता है और उसी संविधान की रक्षा के लिए श्री राहुल गांधी जी भारत जोड़ यात्रा कर रहे हैं, जिसमें सभी लोगों ने जो सहयोग दिया, उन सभी को बधाई देता हूं।
मप्र कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश भर से आये कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुये कहा कि अजा वर्ग पूरी जिम्मेदारी के साथ कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने के लिए तैयार बैठा है, बस इस वर्ग को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के हिम्मत और साहस की जरूरत है। प्रदेश की भाजपा सरकार से यह वर्ग पूरी तरह त्रस्त और परेशान है, क्योंकि भाजपा सरकार में इन वर्गों के साथ कुठाराघात हो रहा है। गरीब तबके से ताल्लुक रखने वाला यह वर्ग महंगाई, बरोजगारी और अन्य परेशानियांे से जूझ रहा है।
वरिष्ठ नेता फूलसिंह बरैया ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनाना हमारे लिए बड़ी बात नहीं है, बस हमें पॉजिटिव थिंकिंग रखनी होगी, क्योंकि कांग्रेस पार्टी के पास जो वोट है, वह कुदरती वोट है। भाजपा के पास गुमराह किये हुये, नकली और खरीदे हुए वोट है। पूरे प्रदेश में एससी-एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक के 2 करोड़ 40 लाख वोट हैं यदि इस वर्ग के एक करोड़ 95 लाख वोट मिल गये तो कोई नहीं रोक सकता कांग्रेस की सरकार बनने से और जो पक्का अंबेडकरवादी होगा वह कांग्रेसी ही होगा। यदि हमें वोट लेना है तो संविधान की बात कीजिए।
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि आज हर वर्ग के मुंह से एक ही बात निलती है कि संविधान खतरे में है। देश में बैठे चंद लोग बाबा साहब के संविधान को मिटाना चाहते हैं, हमें उनके खिलाफ आवाज उठानी है, हमें लोकतंत्र बचाने, संविधान बचाने की आवश्यकता है। कांग्रेस की सरकार को बनाना है और संविधान को बचाना है तो अजा वर्ग के हितों की रक्षा करना जरूरी है यह जिम्मेदारी अनुसूचित जाति के लोगांे की जिम्मेदारी है।
पूर्व मंत्री एवं विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि मध्यप्रदेश में कमलनाथ जी के नेतृत्व में 15 महीने की सरकार ने हर वर्ग के विकास के लिए काम किए, वचन पत्र में जितने वचनों जोड़ा था 365 दिन में 365 वचनों को पूरा किया। लूट की बनी भाजपा सरकार में अनुसूचित जाति वर्ग के साथ अन्याय और अत्याचार हो रहे हैं। बाबा साहब अंबेडकर द्वारा लिखा गया संविधान खतरे में है, सबसे बड़ा खतरा निजीकरण से है जो आने वाली पीढ़ियों के लिए रुकावट बनेगी। बाबा साहब ने जो संविधान में लिखा उसको भारतीय जनता पार्टी बदल रही है और अपनी मनमानी कर रही है। बेरोजगारी का आलम सबके सामने है, भ्रष्टाचार किसी से छुपा नहीं है। शेर की खाल पहन कर भेड़िये बैठे हैं, लेकिन भेड़िये-भेड़िये ही रहेंगे।
पूर्व मंत्री एवं विधायक विजय लक्ष्मी साधो ने कहा कि संविधान की हत्या करके भाजपा ने सरकार बना ली लेकिन जनता ने तो कमलनाथ जी को मुख्यमंत्री बनाया था, वे आज भी हमारे लिए मुख्यमंत्री हैं। संविधान के ऊपर जो खतरा मंडरा रहा है और इस खतरे से सबसे ज्यादा अगर कोई परेशानी में आएगा तो वह दलित वर्ग होगा। बाबासाहेब अंबेडकर का संविधान विश्व का एक अनूठा संविधान है, जिसका कई देश उसका अनुसरण करते हैं। आजादी के पूर्व अंग्रेजों ने जो नीति अपनायी थी, भाजपा का एजंेड़ा भी उसी नीति पर काम कर रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधरी, उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर, राजीव सिंह, अशोक सिंह, पूर्व सांसद आनंद अहिरवार, कांग्रेस पदाधिकारी, अजा वर्ग के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन विभाग के उपाध्यक्ष हेमंत नरवरिया ने किया तथा प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री जे.पी. धनोपिया ने उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

हमें संविधान-संस्कृति का रक्षक बनकर देश के भविष्य की रक्षा करना है: कमलनाथ Reviewed by on . भोपाल, 10 जनवरी 2023 आजादी के बाद स्वतंत्र भारत में डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने देश का संविधान बनाने की जिम्मेदारी उठाई, बाबा साहब अंबेडकर के सामने बहुत बड़ी चुनौती भोपाल, 10 जनवरी 2023 आजादी के बाद स्वतंत्र भारत में डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने देश का संविधान बनाने की जिम्मेदारी उठाई, बाबा साहब अंबेडकर के सामने बहुत बड़ी चुनौती Rating: 0
scroll to top