शिमला, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल शिमला में शुक्रवार को इस सीजन का सबसे कम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से नीचे बना हुआ है।
शिमला से करीब 250 किलोमीटर दूर स्थित कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मनाली में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और डलहौजी में 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शिमला व डलहौजी में गुरुवार को हल्की बारिश हुई, जबकि मनाली में बर्फबारी हुई।
अधिकारी ने कहा कि राज्य में रविवार तक मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा।