चक्रवाती तूफान क्यांत आंध्र तट की तरफ बढ़ सकता है

विशाखापत्तनम, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान क्यांत के आंध्र प्रदेश की तरफ बढ़ने की संभावना है। इसका असर गुरुवार से दिखाई देना शुरू हो जाएगा। मौसम अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

तूफान बुधवार सुबह 5.30 बजे बंगाल की खाड़ी के मध्य-पूर्व में विशाखापत्तनम से पूर्व-दक्षिणपूर्व 620 किमी दूर और मछलीपट्टनम से पूर्व-उत्तरपूर्व 830 किमी दूर था।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक बयान के अनुसार, क्यांत बीते छह घंटे में 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-दक्षिणपश्चिम की तरफ चला गया।

बयान में कहा गया है, “तूफान अगले 24 घंटों में मामूली रूप से तेज हो सकता है। इसके अगले 72 घंटों में पश्चिम-दक्षिणपश्चिम की तरफ से बंगाल की खाड़ी के पश्चिममध्य की तरफ बढ़ने की संभावना है।”

अधिकारियों ने कहा कि तूफान शनिवार को प्रकाशम जिले के तट से टकरा सकता है।

चक्रवाती तूफान के पहले पश्चिम बंगाल और ओडिशा की तरफ जाने की उम्मीद थी, लेकिन बाद में इसने दिशा बदल दी।

विशाखापत्तनम चक्रवात चेतावनी केंद्र ने कहा कि समुद्र से गुरुवार को तेज लहरें उठनी शुरू हो जाएंगी और तेज हवाएं तट से दूर तक चलेंगी। मछुआरों को समुद्र में आंध्र प्रदेश तट से दूर नहीं जाने की सलाह दी गई है और जो पहले से समुद्र में गए हैं, उन्हें लौटने के लिए कहा गया है।

आंध्र प्रदेश का करीब 1000 किमी लंबा समुद्र तट अक्टूबर-दिसंबर के दौरान चक्रवाती तूफान की चपेट में रह सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493