नई दिल्ली: ऊंचे चालू खाते के घाटे (कैड) के बीच सोने के भारी आयात के दुष्परिणामों की चिंताओं के बीच अनिल अंबानी समूह की वित्तीय सेवा कंपनी रिलायंस कैपिटल ने सोने का कारोबार निलंबित कर दिया है। ऐसा करने वाली यह पहली कंपनी है।
कंपनी ने कहा है कि इस फैसले में सोने के सिक्के और अन्य रूपों में सोने की बिक्री शामिल है। कंपनी ने निवेश उत्पाद के रूप में भी इसका कारोबार रोक दिया है और इसी अनुषंगी कंपनियां भी ऐसा ही कर रही हैं।
कंपनी ने कहा कि सरकार द्वारा सोने के आयात को कम करने के संबंध में तय उद्देश्य के मद्देनजर यह फैसला किया गया है। सोने का आयात बढ़ने से देश के आर्थिक हितों को गंभीर नुकसान हो रहा है।
इसके अलावा रिलायंस कैपिटल एसेट मैनेजमेंट (आरकैम) ने रिलायंस गोल्ड सेविंग्स फंड में नई खरीदारी निलंबित करने का फैसला किया है। मौजूदा निवेशक इस फैसले से प्रभावित नहीं होंगे।
इस पहल के संबंध में रिलायंस कैपिटल के मुख्य कार्यकारी सैम घोष ने कहा, रिलायंस कैपिटल सरकार और आरबीआई के सभी नीतिगत उद्देश्यों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है।