लखनऊ, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित अधिकांश जिलों में शुक्रवार सुबह से ही हल्की धूप निकली हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और गिरावट आने का अनुमान जताया है।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के मुताबिक, इस सप्ताह के अंत तक तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। गुरुवार को तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को भी दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की संभावना है।
लखनऊ के अलावा शुक्रवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, कानपुर का 23.1 डिग्री, गोरखपुर का 22.1 डिग्री, झांसी का 24 डिग्री और इलाहाबाद का 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।