भोपाल, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य जगहों पर शुक्रवार सुबह मौसम सुहावना रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है।
राज्य के कई इलाकों में शुक्रवार सुबह बादलों का डेरा देखा गया। हवाएं भी राहत भरी रहीं। बीते 24 घंटों के दौरान हुई बारिश ने गर्मी और उमस से राहत दिलाई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान जबलपुर, नरसिंहपुर, बालाघाट, खंडवा, छिंदवाडा और हरदा सहित अन्य जगहों पर भारी बारिश के आसार जताए हैं।
राजधानी भोपाल में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री, इंदौर में 22.1 डिग्री, ग्वालियर में 25.3 डिग्री और जबलपुर में 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक दिन पहले गुरुवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री, इंदौर में 33.2 डिग्री, ग्वालियर में 35.8 डिग्री और जबलपुर में 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।