पुलिस के अनुसार, नवाबगंज के इलाके में मजदूर लाखन सिंह अपनी पत्नी सीमा सिंह के साथ रहता था। बताया जाता है कि पांच सितंबर को सीमा ने एक बेटी जन्म दिया था। इसके पहले से उसके तीन बेटियां हैं। लाखन सिंह चाहता था कि उसे इस बार लड़का ही पैदा हो, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस बात को लेकर आए दिन पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने लगा।
बताया जाता है कि सोमवार सुबह लाखन ने पत्नी सीमा के सिर पर बेलन से जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पाकर मौके पर सीमा के मायके वाले भी पहुंचे। घटना के बाद आरोपी लाखन सिंह फरार हो गया। छानबीन के बाद पुलिस ने सीमा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी लाखन सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।