भोपाल, 22 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर रविवार को मौसम साफ है और तेज धूप निकली हुई है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, चंबल, जबलपुर संभागों में धूल भरी हवाएं चलने तथा लू का असर बने रहने की संभावना जताई है।
राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हवाएं चली और बूंदाबांदी भी हुई, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आई है। हालांकि गर्मी से लोगों को बहुत राहत नहीं है। गर्मी और लू का असर अब भी बना हुआ है।
भोपाल का रविवार को न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री, इंदौर का 24.2 डिग्री, ग्वालियर का 33 डिग्री और जबलपुर का 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री, इंदौर का 41.2 डिग्री, ग्वालियर का 44.5 डिग्री और जबलपुर का 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।