Saturday , 27 April 2024

Home » खेल » एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप : बजरंग को स्वर्ण, प्रवीण को रजत (लीड-1)

एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप : बजरंग को स्वर्ण, प्रवीण को रजत (लीड-1)

जियान (चीन), 23 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के बजरंग पुनिया ने यहां जारी एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में मंगलवार को स्वर्ण पदक जीत लिया जबकि प्रवीण राणा को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।

एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले बजरंग ने 65 किग्रा भार वर्ग में कजाकिस्तान के सायातबेक ओकासोव को हराया। बजरंग ने फाइनल मुकाबले में ओकासोवा को 12-7 से हराया।

बजरंग ने पहले राउंड में श्रीलंका के डिवोशन चार्ल्स फर्नाडो को 10-0 और क्वार्टर फाइनल में ईरानी पहलवान पेईमैन बियोकागा बियाबानी को 6-0 से हराया था। उन्होंने उज्बेकिस्तान के सिरोजिदिन खासानोव को 12-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

बजरंग के गुरू और लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले योगेश्वर दत्त ने इस सफलता पर अपने शिष्य को बधाई दी है।

योगेश्वर ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा, “एशियाई चैम्पियनशिप-2019 में स्वर्ण पदक जीतने पर आपको ढेरों शुभकामनाएं बजरंग बेटा। 2017 के बाद ये आपका दूसरा स्वर्ण है। हम सब को गर्व है आप पर, इसी तरह आगे बढ़ते रहें और टोक्यो ओलंपिक-2020 में भी देश का ध्वज ऊंचा करो।”

बजरंग का एशियाई चैम्पियनशिप में यह दूसरा स्वर्ण और कुल पांचवां पदक है। उन्होंने 2017 में भी स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा उन्होंने 2013 और 2018 में कांस्य तथा 2014 में रजत पदक जीता था।

बजरंग के अलावा प्रवीण राणा को 79 किग्रा के फाइनल में ईरान के बहमान मोहम्मद तैमूरी से 0-3 से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

वहीं, सत्यव्रत कादियान ने 97 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। सत्यव्रत क्वार्टर फाइनल में हार गये थे, लेकिन उन्हें हराने वाले मंगोलियाई पहलवान के फाइनल में पहुंचने के कारण सत्यव्रत को कांस्य पदक मुकाबले में उतरने का मौका मिला।

एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप : बजरंग को स्वर्ण, प्रवीण को रजत (लीड-1) Reviewed by on . जियान (चीन), 23 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के बजरंग पुनिया ने यहां जारी एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में मंगलवार को स्वर्ण पदक जीत लिया जबकि प्रवीण राणा को रजत पदक से जियान (चीन), 23 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के बजरंग पुनिया ने यहां जारी एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में मंगलवार को स्वर्ण पदक जीत लिया जबकि प्रवीण राणा को रजत पदक से Rating:
scroll to top