लखनऊ, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ तथा आसपास के जिलों में शनिवार सुबह से ही गुनगुनी धूप खिली हुई है। तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि दिन में गुनगुनी धूप निकलेगी और ठंडी हवाएं चलेंगी। तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा शनिवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री, कानपुर का 19.1 डिग्री, गोरखपुर का 22 डिग्री, इलाहाबाद का 24 डिग्री और झांसी का 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।