लखनऊ, 12 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ तथा आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने रविवार तक रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान जताया है।
मौसम विभग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि वायुमंडल में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से बारिश होगी और तेज हवाएं चलेंगी। यह दौर रविवार तक जारी रहेगा। सोमवार को फिर मौसम साफ होने की संभावना है। तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा शनिवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री, कानपुर का 12.3 डिग्री, गोरखपुर का 15 डिग्री, इलाहाबाद का 11 डिग्री और झांसी का 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।