नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। पांच बार की विश्व चैम्पियन एम. सी. मैरीकॉम और पूर्व एशियन चैम्पियन विकास कृशन यादव दक्षिण एशियाई खेलों के 12वें संस्करण में भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे।
अखिल भारतीय मुक्केबाजी संघ (एआईबीए) की तदर्थ समिति ने सोमवार को अगले महीने शिलांग और गुवाहाटी की संयुक्त मेजबानी में पांच से 16 फरवरी के बीच होने वाले दक्षिण एशियाई खेलों के लिए भारतीय दल की घोषणा कर दी।
मैरीकॉम और कृशन यादव के अलावा भारतीय दल में शामिल स्टार खिलाड़ियों में शिवा थापा, लैशराम देवेंद्रो सिंह, मनोज कुमार और एल. सरिता देवी शामिल हैं।
भारतीय मुक्केबाज इस क्षेत्रीय टूर्नामेंट को अगले वर्ष ब्राजील के रियो डी जनेरियो में होने वाले ओलम्पिक की तैयारी की तरह ले रहे हैं। 2014 में हुए एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों के बाद भारतीय मुक्केबाजों के लिए यह पहला अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता है।
एशियाई खेलों-2014 में दुर्भाग्यशाली रहीं सरिता देवी के लिए उन खट्टी स्मृतियों से उबरने का भी मौका होगा। सरिता देवी को एशियाई खेलों के 60 किलोग्राम भारवर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में स्थानीय पार्क जी ना के खिलाफ निर्णायकों के गलत फैसले के चलते हार झेलनी पड़ी थी।
सरिता देवी ने इसके बाद कांस्य पदक ग्रहण करने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ ने सरिता देवी और उनके कोच पर कई वर्षो का अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया। हालांकि सरिता देवी ने बाद में पदक स्वीकार कर लिया और उन पर लगे प्रतिबंध की अवधि भी घटा दी गई।
भारतीय दल :
महिला : एम. सी. मैरीकॉम (51 किलोग्राम), एल. सरिता देवी (60 किलोग्राम), पूजा रानी बोहरा (75 किलोग्राम)
पुरुष : एल. देवेंद्रो सिंह (49 किलोग्राम), मदन लाल (51 किलोग्राम), शिवा थापा (56 किलोग्राम), धीरज (60 किलोग्राम), मनोज कुमार (64 किलोग्राम), मंदीप जांगड़ा (69 किलोग्राम), विकास कृशन यादव (75किलोग्राम)।
अतिरिक्त -:
महिला : सरजूबाला (51 किलोग्राम), सोनिया लाथेर (60 किलोग्राम), अरुणा मिश्रा (75 किलोग्राम)।
पुरुष : श्याम कुमार काकरा (49 किलोग्राम), कविंदर बिष्ट (51 किलोग्राम), वी. दुर्गा राव (56 किलोग्राम), मनीष (60 किलोग्राम), थॉमस एम. 64 किलोग्राम), राकेश (69 किलोग्राम), विकास कृशन/सुखदीप सिंह भट्टी (75 किलोग्राम)।