दार्जिलिंग भूस्खलन : बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

कोलकाता , 2 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की दार्जिलिंग पहाड़ियों में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोगों के शव अभी मलबे में दबे हैं। मौसम विभाग ने शनिवार सुबह तक क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है, जिससे भूस्खलन की आशंका बढ़ सकती है।

अलीपुर में स्थानीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “दार्जिलिंग के लगभग सभी हिस्सों में अगले 48 घंटों के दौरान यानी शनिवार की सुबह तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूच बेहर जिलों और पड़ोसी राज्य सिक्किम में भी भारी बारिश हो सकती है।”

भारी बारिश के कारण यहां बुधवार को हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई शव मलबे में दबे हैं।

दार्जिलिंग जिले में भूस्खलन के साथ जलपाईगुड़ी में अतिवृष्टि से सभी नदियां उफान पर हैं और तीस्ता बांध से 5,000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद यहां बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से 2,000 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 31 और राष्ट्रीय राजमार्ग 10 बाधित हो गया है, जिससे सिक्किम जाने वाला मार्ग बंद हो गया है।

भारी बारिश और भूस्खलन में क्षेत्र की दूरसंचार सेवा और बिजली आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हुई है।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजु स्थिति का जायजा लेने बुधवार को ही यहां पहुंचे।

केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की दो टीमें प्रभावित क्षेत्र में भेजी हैं। वहीं सशस्त्र बल के बचावकर्मी और भारतीय सेना भी बचाव तथा राहत कार्यो में तत्परता से जुटी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493