भोपाल, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में खेती की दीर्घकालीन योजना बनाने के लिए राजधानी भोपाल में शनिवार 31 अक्टूबर को ‘कृषि मंथन’ का आयेाजन किया गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कृषि विशेषज्ञों से विचार-विमर्श करेंगे।
कृषि विभाग द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी में बताया गया है कि इस आयोजन में कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने पर राष्ट्रीय-स्तर के कृषि विशेषज्ञ और मध्यप्रदेश टास्क फोर्स के सदस्य खेती-किसानी को लाभ का व्यवसाय बनाने पर अपने पेपर पढेंगे।
बताया गया है कि ‘कृषि मंथन’ के पहले सत्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के ‘दस वर्ष में हुई प्रगति और कृषि में चुनौतियां’ विषय पर संबोधन देंगे। इसके अलावा अन्य विशेषज्ञ कृषि और इस क्षेत्र में हुए शोध और संभावनाओं पर अपने विचार रखेंगे। इस आयोजन में कुल तीन सत्र होंगे।