भोपाल, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी के कारण शुक्रवार सुबह मौसम सुहावना है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है।
राज्य में शुक्रवार को आसमान साफ होने और धूप खिली होने के बावजूद ठंडी हवाएं चल रही हैं। बीते 24 घंटों के दौरान रीवा, जबलपुर, सागर, भोपाल, उज्जैन संभागों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ने से मौसम सुहावना हो गया है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
राजधानी भोपाल का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री, इंदौर का 19.6 डिग्री, ग्वालियर का 16.7 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 20 डिगी सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 34़.3 डिग्री, इंदौर का 34.4 डिग्री, ग्वालियर का 34.5 डिग्री और जबलपुर का 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।