सैफई में 2 दिनी अंतर्राष्ट्रीय कृषि प्रदर्शनी 28 मार्च से

लखनऊ, 17 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पैतृक गांव सैफई (इटावा) में 28 और 29 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय कृषि, बागवानी, मत्स्य, पशुपालन एवं पोल्ट्री पर आधारित ‘एग्री हॉर्टिटेक’ प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इस मेले में देश और विदेश की आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन किया जाएगा।

सैफई मेला ग्राउंड में लग रहे इस प्रदर्शनी का उद्घाटन स्वयं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 28 मार्च को सुबह 10 बजे करेंगे। प्रदर्शनी का आयोजन प्रदेश सरकार और पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त प्रवीर कुमार ने यह जानकारी देते हुए यहां गुरुवार को बताया कि प्रदर्शनी में फ्रांस व नीदरलैंड्स समेत विश्व के कई देशों और भारत के विभिन्न प्रांतों की कंपनियां व विश्वविद्यालय अपने स्टॉल लगाएंगे और प्रदेश के किसानों को उन्नत खेती के तौर-तरीके बताएंगे।

उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय कृषि एवं जल से संबंधित शिक्षाविद, संस्थागत निवेशक, उद्यमी, उद्योगपति, विश्लेषक व विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ इस अवसर पर आधुनिक तकनीक की जानकारी देंगे। किसान अपनी अच्छी फसल के लिए कीटनाशक की कितनी मात्रा उपयोग करें, यह बताने के लिए प्रदर्शनी के दौरान एक विशेष सत्र भी चलाया जाएगा।

कृषि उत्पादन आयुक्त ने बताया कि उत्तर प्रदेश में इस समय खाद्यान्न की कमी बिल्कुल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि हालांकि पिछले तीन मौसमों से किसानों को प्रकृति का साथ नहीं मिल पा रहा है, फिर भी प्रदेश के किसानों ने भरपूर अनाज पैदा किया है।

प्रवीर कुमार ने बताया प्रदेश के उन हिस्सों में जहां खाद्यान्न की कमी पाई जा रही है, वहां मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार खाद्यान्न के पैकेट बांटे जा रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493