Friday , 26 April 2024

Home » विश्व » सऊदी ने यमन में ‘ऑपरेशन डिसाइसिव स्टॉर्म’ समाप्त किया (लीड-1)

सऊदी ने यमन में ‘ऑपरेशन डिसाइसिव स्टॉर्म’ समाप्त किया (लीड-1)

रियाद, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। सऊदी अरब के नेतृत्व में गठबंधन देशों का यमन में हौती विद्रोहियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान मंगलवार को समाप्त हो गया। यह अभियान यमन के राष्ट्रपति अब्द रब्बो मनसौर हैदी का संदेश प्राप्त होने के बाद समाप्त किया गया। सऊदी के इस फैसले का कई देशों ने स्वागत किया है।

सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) के मुताबिक, सऊदी के रक्षा मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि ‘ऑपरेशन डिसाइसिव स्टॉर्म’ के अंतर्गत किया गया हवाई हमला सऊदी अरब और इसके पड़ोसी देशों की सुरक्षा के खतरों को समाप्त करने में सफल रहा है।

अधिकारी ने कहा, “गठबंधन यमन में किसी भी तरह के अभियान चलाए जाने या फिर वहां मौजूद रहने से हौती मिलिशिया को रोकना जारी रखेगा।”

पाकिस्तान ने सऊदी की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे यमन में संकट के राजनीतिक समाधान के लिए मार्ग प्रशस्त होगा।

पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता तस्नीम असलम ने कहा, “इससे यमन में संकट के राजनीतिक समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा। पाकिस्तान संकट के शांतिपूर्ण समाधान के लिए सऊदी अरब की इच्छा साझा करता है।”

गठबंधन सेना ने यह भी घोषणा की है कि इसने यमन में सैन्य लक्ष्यों को हासिल कर लिया है और अब नया अभियान शुरू किया जाएगा जिसे ‘रिस्टोरिंग होप’ का नाम दिया गया है। यह अभियान सुरक्षा, आतंकवाद का मुकाबला, सहायता और यमन में राजनीतिक समाधान पर केंद्रित होगा।

26 मार्च को जारी सैन्य अभियान की सफलता के बाद नया अभियान ‘ऑपरेशन रिस्टोरिंग होप’ शुरू किया गया।

गठबंधन ने कहा कि यह नई पहल सैन्य अभियानों के साथ-साथ कूटनीति और राजनीति प्रयासों की शुरुआत होगी। साथ ही कहा कि यह अभियान राष्ट्रपति हैदी की तरफ से सऊदी अरब के शाह सलमान बिन अब्दुल अजीज अल सौद को किए अनुरोध के कारण समाप्त हुआ।

राष्ट्रपति ने अपने अनुरोध में कहा, “यमन का इतिहास और अरब देश इस घटना को स्वर्ण अक्षरों से लिखेगा, जिसने यमन की जनता को उनके भविष्य की आस दिखाई है, जहां डिटरमिनेशन स्टॉर्म ने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया है।”

हैदी ने कहा, “हमें इस बात का भरोसा है कि गठबंधन देशों और विश्व समुदाय के साथ हमारा संयुक्त प्रयास यमन में नए चरण का रास्ता तैयार करेगा।”

अपने अनुरोध में उन्होंने कहा कि अंतत: यमन की जनता हौती विद्रोहियों द्वारा पैदा की गई स्थिति से मुक्त स्वतंत्र रूप से अपने भविष्य को लिख पाएगी।

बयान के मुताबिक बुधवार को शुरू हुए ‘ऑपरेशन रिस्टोरिंग होप’ का लक्ष्य नागरिकों की हिफाजत करना और यमन में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखना है।

अधिकारी ने कहा कि गठबंधन ने हालांकि अभी तक संघर्ष विराम के संकेत नहीं दिए हैं।

यमन में हौती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब के नेतृत्व वाले हवाई हमले रोकने के फैसले का ईरान ने स्वागत किया और यमन में संकट को खत्म करने के लिए राजनीतिक पार्टियों के बीत राष्ट्रीय संवाद दोबारा शुरू होने की आशा जताई।

ईरान के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मर्जीह अफखाम ने कहा, “निर्दोष और असहाय लोगों के कत्लेआम रोकने का फैसला बेशक आशा की किरण है।”

उन्होंने कहा, “हमने पहले भी घोषणा की थी कि यमन संकट का समाधान सैन्य अभियान से नहीं निकल सकता।”

ईरानी प्रवक्ता ने आशा जताई कि मानवीय सहायता भेजने के लिए जल्द से जल्द उपाय किए जाएंगे और देश में एक समावेशी सरकार के गठन के लिए यमन के सभी पक्षों के बीच बातचीत दोबारा शुरू होगी।

यमन के स्वास्थ्य और आंतरिक मंत्रालय के मुताबिक सऊदी के नेतृत्व वाले हवाई हमलों और लड़ाई में लगभग 700 लोगों की मौत हुई है और 3000 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

सऊदी ने यमन में ‘ऑपरेशन डिसाइसिव स्टॉर्म’ समाप्त किया (लीड-1) Reviewed by on . रियाद, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। सऊदी अरब के नेतृत्व में गठबंधन देशों का यमन में हौती विद्रोहियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान मंगलवार को समाप्त हो गया। यह अभियान यम रियाद, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। सऊदी अरब के नेतृत्व में गठबंधन देशों का यमन में हौती विद्रोहियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान मंगलवार को समाप्त हो गया। यह अभियान यम Rating:
scroll to top