लखनऊ, 15 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित राज्य के कई जिलों में बुधवार सुबह आंशिक रूप से बदली छाई रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कुछ जिलों में सामान्य बारिश होने की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। धूप-छांव का दौर जारी रहेगा। बूंदाबांदी की संभावना है।
उन्होंने कहा कि 22 जून तक मानसून के राज्य में पहुंचने के आसार हैं, लेकिन तब तक अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा और उमस झेलनी पड़ेगी।
राजधानी लखनऊ में बुधवार को न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा बुधवार को बनारस में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री, कानपुर में 23.2 डिग्री, गोरखपुर में 24 डिग्री, इलाहाबाद में 25.3 डिग्री और झांसी में 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।