काहिरा, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। मिस्र के सुरक्षा बलों ने गलती से मिस्र और मेक्सिको के 12 लोगों को पश्चिमी रेगिस्तान क्षेत्र में मार दिया।
‘अल अहराम’ की रपट के अनुसार, मिस्र के आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने सोमवार को बताया, “पुलिस और सेना का एक संयुक्त दल अल-वाहत के पश्चिमी रेगिस्तान क्षेत्र में आतंकवादियों का पीछा कर रहा था। इसी बीच उन्होंने प्रतिबंधित क्षेत्र में खड़े चार पहियों वाले एक वाहन को देखा, जो मेक्सिको के पर्यटकों का था।”
इस घटना में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि मिस्र और मेक्सिको के 10 नागरिक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मंत्रालय ने यह नहीं बताया है कि मरने वालों में कितने मिस्र के और कितने मेक्सिको के नागरिक हैं।
मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “इस बात की जांच के लिए निरीक्षण टीम गठित की गई है कि यात्रियों का दल प्रतिबंधित क्षेत्र में क्यों मौजूद था और वहां क्या हुआ?”