लखनऊ, 5 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ एवं आसपास के इलाकों में सुबह से ही तेज धूप निकलने से उमस व गर्मी में इजाफा हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान सामान्य बारिश होने का अनुमान है।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार दिन में तेज धूप निकलेगी और गर्मी में इजाफा होगा। आद्र्रता का स्तर 90 फीसदी तक दर्ज किया जाएगा, जिससे उमस भी बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्घि होने की संभावना है। कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा शुक्रवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, कानपुर का 23.6 डिग्री, इलाहाबाद का 24.3 डिग्री, गोरखपुर का 21.2 डिग्री सेल्सियस और झांसी का 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।